बोकारो में 12 घंटे में 3 साइबर ठगी, 6.48 लाख रुपये गंवाए ; पुलिस ने 2.74 लाख किए होल्ड
बोकारो जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
Bokaro: बोकारो जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। महज 12 घंटे के भीतर तीन लोगों से कुल 6.48 लाख रुपये की ठगी का मामला पुलिस के पास पहुंचा है। पीड़ितों में चास के कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी शशिरंजन, पिंड्राजोरा निवासी बहादुर महतो और कैंप-2 निवासी मनीष कुमार सिंह शामिल हैं। मनीष कुमार होमगार्ड के जवान हैं।
मुख्यालय DSP पवन कुमार ने बताया कि तीनों मामलों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शशिरंजन के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2.74 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं। पुलिस के मुताबिक यह रकम जल्द ही पीड़ित को वापस मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन में मिले शख्स की बातों में फंसे शशिरंजन
सबसे बड़ी ठगी शशिरंजन के साथ हुई, जिन्होंने 5.95 लाख रुपये गंवा दिए। DSP के मुताबिक शशिरंजन की ट्रेन में एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान उस शख्स ने अपने बेटे के अस्पताल में भर्ती होने की बात बताकर सहानुभूति हासिल की।
इसके बाद उसने शशिरंजन से नेटवर्किंग जैसी किसी चीज को लेकर बातचीत शुरू की। इसी बातचीत के दौरान शशिरंजन उसके झांसे में आ गए और उनके खाते से 5.95 लाख रुपये निकल गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 2.74 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं।
बहादुर महतो के खाते से निकले 29,298 रुपये
दूसरा मामला पिंड्राजोरा निवासी बहादुर महतो से जुड़ा है। उनके खाते से पेटीएम के जरिए 29,298 रुपये की निकासी की गई। पुलिस इस लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच कर रही है।
होमगार्ड जवान भी हुए ठगी के शिकार
तीसरी घटना कैंप-2 निवासी होमगार्ड जवान मनीष कुमार सिंह के साथ हुई। उनके साथ 29 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई है। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम जिस बैंक खाते में गई, वह पूजा ठाकुर के नाम पर दर्ज है। पुलिस अब खाते और लेनदेन से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है।
DSP ने दी OTP और बैंक डिटेल शेयर न करने की सलाह
मुख्यालय DSP पवन कुमार ने लोगों से साइबर ठगी को लेकर सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासबुक, ATM कार्ड या बैंक से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करना भारी पड़ सकता है।
उन्होंने लोगों से कहा कि किसी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। अगर किसी के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो समय गंवाए बिना पुलिस को सूचना दें, ताकि लेनदेन को समय रहते रोकने की कोशिश की जा सके।
फिलहाल पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है। शशिरंजन के मामले में होल्ड कराई गई 2.74 लाख रुपये की रकम पीड़ित को वापस दिलाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






