कौन है तेज प्रताप के पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रिया सिंह वत्स? पहले VIP में भी संभाल चुकी हैं बड़ी जिम्मेदारी
तेज प्रताप यादव ने प्रिया सिंह वत्स को जनशक्ति जनता दल का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। प्रिया इससे पहले VIP की प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी हैं और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर सक्रिय रही हैं।


पटना: बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। सोमवार को तेज प्रताप यादव ने खुद उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि प्रिया सिंह वत्स के सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रिया सिंह वत्स की नियुक्ति से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन को नई दिशा देने में मदद मिलेगी।
अगस्त में JJD में शामिल हुई थीं प्रिया सिंह
प्रिया सिंह वत्स पिछले महीने तेज प्रताप यादव की मौजूदगी में जनशक्ति जनता दल में शामिल हुई थीं। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा था कि राजनीति उनके लिए केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं है। वह राजनीति के जरिए जनता की आवाज बनकर उनके हितों के लिए संघर्ष करना चाहती हैं।
बताया जा रहा है कि JJD में शामिल होने के बाद ही उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी देने का फैसला लिया गया था। हालांकि, नियुक्ति की औपचारिक घोषणा सोमवार को की गई।
VIP में भी रह चुकी हैं प्रदेश प्रवक्ता
JJD से पहले प्रिया सिंह वत्स विकासशील इंसान पार्टी (VIP) से जुड़ी रही हैं। वह VIP की प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी के पक्ष में प्रचार भी किया था।
वह पार्टी की विचारधारा और राजनीतिक मुद्दों को मीडिया तथा लोगों के सामने रखती थीं। चुनावी सभाओं के दौरान वह VIP प्रमुख मुकेश सहनी के साथ मंच पर भी नजर आई थीं। हालांकि, उन्होंने VIP क्यों छोड़ी, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
राजपूत समाज से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय
प्रिया सिंह वत्स पटना की रहने वाली हैं और खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताती हैं। वह राजपूत समाज से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय रही हैं। वह श्री राजपूत करणी सेना की महिला प्रदेश अध्यक्ष होने का भी उल्लेख करती हैं।
सोशल मीडिया पर उनकी अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ मुलाकातों की तस्वीरें भी सामने आती रही हैं। इनमें कांग्रेस, जदयू और आरजेडी समेत विभिन्न दलों के नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें शामिल हैं।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में भी उठाई थी आवाज
प्रिया सिंह वत्स सोशल मीडिया पर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर अपनी बात रखती रही हैं। भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में भी उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया था। भरत तिवारी के परिजनों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था, जिसमें प्रिया सिंह वत्स भी पहुंची थीं। उन्होंने परिवार की न्याय की मांग का समर्थन किया था।
इसके अलावा पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड को लेकर भी वह पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करती रही हैं। अब जनशक्ति जनता दल में राष्ट्रीय प्रवक्ता की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका और सक्रियता पर नजर रहेगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सरकारी स्कूल में रात को बार बाला का डांस! हाथ में पिस्तौल जैसी चीज लेकर ठुमके लगाने का VIDEO वायरल

नक्षत्र समाचार + की खबर का असर: पहाड़पुर CHC में फोर्थ ग्रेड कर्मी के टांका लगाने पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, जांच के आदेश







