भीड़ से मिलेगी राहत, Ranchi Junction पर बनेगा हाईटेक होल्डिंग एरिया
12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक लाउंज में 2250 यात्रियों के बैठने की सुविधा के साथ टिकटिंग और सुरक्षा की अत्याधुनिक व्यवस्थाएं होंगी।


रांची रेलवे स्टेशन पर बढ़ती यात्रियों की संख्या और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए एक आधुनिक पैसेंजर लाउंज (होल्डिंग एरिया) बनाया जाएगा। रेलवे की इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्टेशन के नॉर्थ साइड स्थित मुख्य प्रवेश द्वार के पास लगभग 1920 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाला यह लाउंज एक समय में करीब 2250 यात्रियों को बैठने की सुविधा देगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का सर्वे पूरा कर प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद अगस्त-सितंबर 2026 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इस होल्डिंग एरिया का उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्टेशन पर होने वाली भीड़ को व्यवस्थित करना है।
रांची रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन 60 हजार यात्री आते-जाते हैं, जबकि त्योहारों और परीक्षा के मौसम में यह संख्या 80 हजार तक पहुंच जाती है। इसी को देखते हुए पूरे लाउंज को सीसीटीवी निगरानी में रखा जाएगा और इसे प्री-टिकटिंग, टिकटिंग तथा पोस्ट-टिकटिंग जैसे तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा।
यहां यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रियल-टाइम ट्रेन सूचना डिस्प्ले, 12 टिकट काउंटर और 4 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं पोस्ट-टिकटिंग क्षेत्र में बैगेज स्कैनर, कतार प्रबंधन प्रणाली, एस्केलेटर और सीढ़ियों की सुविधा भी रहेगी।
स्टेशन आधुनिकीकरण के तहत साउथ गेट का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे जून 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे का कहना है कि रांची स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









