'वृद्धाश्रम' के नाम हैवानियत का अड्डा ! मुंह पर कपड़े ठूंस कर रात भर करते थे पिटाई... प्रशासन ने 15 बुजुर्गों का किया रेस्क्यू
बिहार के बेतिया में इंसानियत के नाम पर सड़क या रेलवे स्टेशनों पर पड़े लाचार और बेबस बुजुर्गों को उठाकर उन्हें वृद्धाश्रम में ले जाया जाता है और उसके बाद वहां उनके साथ बर्बरता की जा रही है.

Bettiah / Bihar (Report By- Arjun Bhartiya): बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित बेतिया से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई है जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे. दरअसल, यहां इंसानियत के नाम पर सड़क या रेलवे स्टेशनों पर पड़े लाचार और बेबस बुजुर्गों को उठाकर उन्हें वृद्धाश्रम में ले जाया जाता है और उसके बाद वहां उनके साथ बर्बरता की जा रही है. यह पूरा मामला जिले के बैरिया थाना इलाके के बहेरिया का है जहां एक अवैध रुप से संचालित वृद्धाश्रम में इंसानियत की हदें पार करते हुए बुजुर्गों पर बर्बरता किए जाने की खबर है. हालांकि मामले की सूचना के बाद प्रशासन ने छापेमारी करते हुए उक्त वृद्धाश्रम से कई बुजुर्गों का रेस्क्यू किया है.
मर्जी के खिलाफ जबरन उठाकर लाया था आश्रम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पटना जंक्शन और हनुमान मंदिर जैसे स्थानों से वृद्धजनों को जबरन उठाकर इस बहेरिया स्थित सहारा वृद्धाश्रम में लाया जाता था और उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ बंधक बनाकर रखा जाता था. पीड़ितों की मानें तो यहां रहने वाले बुजुर्गों पर न सिर्फ मानसिक बल्कि शारीरिक अत्याचार भी किया जाता था.

'मुंह में कपड़े ठूंस कर लाठी-डंडे से करते थे पिटाई'
एक वृद्ध महिला ने अपनी दर्द बयां करते हुए बताया कि रात होते ही आश्रम के लोग उनके मुंह में कपड़ा डाल देते थे और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से उनकी पिटाई करते थे. इतना ही नहीं, जब कोई अन्य बुजुर्ग अपने घर लौटने की बात करते, तो उन्हें भी बंद कमरे में ले जाकर प्रताड़ित किया जाता था. कई बुजुर्गों को छपरा रेलवे स्टेशन जैसे स्थानों से जबरन उठाकर यहां लाने की बात भी सामने आई है.
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई
हैरानी की बात यह है कि इस आश्रम की मान्यता पहले ही रद्द हो चुकी थी, इसके बावजूद यह अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था और वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को अवैध रुप से कैद कर उन्हें अमानवीय हालात में रखा जा रहा था. हालांकि इस सूचना के बाद जिला प्रशासन ने सहारा वृद्धाश्रम पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की और मौके से करीब 15 बुजुर्गों का रेस्क्यू किया.

जांच में टीम ने कई गंभीर अनियमितताओं का किया खुलासा
एसडीएम विकास कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची टीम ने कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया. जांच के दौरान पाया गया कि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को जबरन रखा जा रहा था. रेस्क्यू किए गए लोगों ने बताया कि उन्हें मारपीट करके डराया-धमकाया जाता था और उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध यहां रखा गया था. कई बुजुर्गों ने यह भी बताया कि उन्हें पटना के महावीर मंदिर और विभिन्न रेलवे स्टेशनों से लाकर यहां रखा गया था.
रजिस्टार में 30-40 से अधिक का उल्लेख, मिले सिर्फ 15 लोग
वहीं, छापेमारी के समय वृद्धाश्रम परिसर के भीतर और बाहर ताला लटका मिला, जिससे प्रशासन का संदेह और गहरा हुआ. जब रजिस्टर जांच की गई तो उसमें भी कई गड़बड़ियां सामने आईं. पहले जहां 30-40 लोगों के रहने का उल्लेख था, वहीं मौके पर केवल 15 लोग ही मौजूद मिले.
इधर, इस संबंध मे एसडीएम बेतिया विकास कुमार ने बताया कि बिना किसी अधिकृत समिति की अनुमति के बिना लोगों को “रिहैबिलिटेशन” के नाम पर रखा जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है. जांच के दौरान मौके पर मौजूद स्टाफ के जवाब भी संतोषजनक नहीं पाए गए. जांच में यह भी सामने आया कि बिजली की आपूर्ति अवैध तरीके से बायपास कर इस्तेमाल की जा रही थी. परिसर के मालिक ने भी किराया नहीं मिलने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी.

कई लोगों के शरीर में मिले चोट के निशान
छापेमारी के दौरान लाठियां और डंडे भी बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर लोगों को पीटने में किया जाता था. कुछ लोगों के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए. मेडिकल जांच के दौरान बिना प्रिस्क्रिप्शन दवाइयों के इस्तेमाल की भी आशंका जताई गई. वहीं, एक युवती काजल कुमारी खुद को वृद्धाश्रम में कार्यरत नर्स बताया, लेकिन जांच में उसके पास से कोई वैध डिग्री नहीं पाई गई.
वहीं, जिला प्रशासन ने वृद्धाश्रम से रेस्क्यू किए गए सभी 15 लोगों के बयान दर्ज करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान “उमंग” केंद्र भेजा. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच की तैयारी की जा रही है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गोड्डा में पुलिस का बड़ा एक्शन : राहगीरों को लूटने वाले शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई बाइक-मोबाइल बरामद

समस्तीपुर में एक युवक की गला रेतकर हत्या ! जांच में जुटि पुलिस







