SP स्वर्ण प्रभात का 'ऑपरेशन हथियार'! पूर्वी चंपारण में तस्करों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
SP के एक्शन से अपराधियों की नींद उड़ी, ढाका-छतौनी-मधुबन में बड़ी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप

Motihari, Bihar: पूर्वी चंपारण जिले में अपराध पर नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात का ‘ऑपरेशन हथियार’ लगातार जारी है. जिले में हथियार तस्करों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. कई थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए अभियान से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि एसपी के सख्त एक्शन से अपराधियों की नींद उड़ी हुई है. इस दौरान नेपाल कनेक्शन से हथियार तस्करी का भी खुलासा हुआ है.
एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन हथियार के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक हथियार तस्करों और अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में देसी और विदेशी हथियार, कारतूस और नेपाली मुद्रा बरामद की है.
ढाका थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ढाका थाना क्षेत्र के बरेवा गांव निवासी खुर्शीद आलम अपने घर में अवैध अत्याधुनिक हथियार छिपाकर रखे हुए है. सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए खुर्शीद आलम के घर पर छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देशी बंदूक और तीन हजार नेपाली रुपये बरामद किए. मौके से दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क और नेपाल कनेक्शन की जांच में जुटी हुई है.
वहीं छतौनी थाना पुलिस ने भी गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया. पुलिस को सूचना मिली थी कि ऑटो पर सवार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. इसके बाद एसपी के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गई और पांचों अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.
इधर मधुबन थाना पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुआराभान गांव से एक देसी कट्टा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पूर्वी चंपारण पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान से जिले में अपराध के ग्राफ में कमी देखने को मिल रही है. पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई से हथियार तस्करों और अपराधियों में दहशत का माहौल बना हुआ है.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

प्यार, वादे और धोखे की कहानी: प्रेमी की शादी की खबर सुन धनबाद से सीवान पहुंची प्रेमिका, थाने में लगाई न्याय की गुहार

बिहार: शादी का झांसा देकर छात्रा से 3 साल तक यौन शोषण, मोतिहारी में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी पर FIR से मचा हड़कंप







