पटना में फुटपाथ पर मचा बवाल, बुजुर्ग महिला से मारपीट के बाद दुकानदार पर हमला
अगमकुआं में फुटपाथ पर सब्जी बेच रही बुजुर्ग महिला ने दवा दुकानदार पर मारपीट और सब्जियां सड़क पर फेंकने का आरोप लगाया है। महिला का विरोध करने पहुंचे युवक के बाद विवाद बढ़ गया और दुकानदार भी घायल हो गया।


पटना: अगमकुआं थाना क्षेत्र में फुटपाथ पर सब्जी बेच रही एक बुजुर्ग महिला के साथ कथित मारपीट और उसकी सब्जियां सड़क पर फेंकने का मामला सामने आया है। महिला ने एक दवा दुकानदार पर मारपीट और दुकान हटाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान महिला का बचाव करने पहुंचे एक युवक और दूसरे पक्ष के बीच भी विवाद हो गया, जिसमें दवा दुकानदार घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना मिलने के बाद अगमकुआं थाना पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सब्जी बेचने को लेकर हुआ विवाद
महिला के मुताबिक, वह पिछले करीब एक महीने से सड़क किनारे सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा कर रही थी। उसका आरोप है कि दवा दुकानदार ने वहां से सब्जी हटाने को कहा और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। महिला का यह भी आरोप है कि उसकी सारी सब्जियां सड़क पर फेंक दी गईं। बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह विधवा है और पिछले चार महीने से उसे पेंशन नहीं मिली है। परिवार का खर्च चलाने के लिए उसने फुटपाथ पर सब्जी बेचना शुरू किया था। महिला के अनुसार, जब उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की जा रही थी, तभी वहां से गुजर रहे एक युवक ने इसका विरोध किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
भीड़ में किसी ने दुकानदार पर किया हमला
मारपीट के दौरान दवा दुकानदार आशुतोष झा पर भीड़ में शामिल किसी व्यक्ति ने कथित तौर पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। वह घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अगमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। मारपीट की शुरुआत कैसे हुई और दुकानदार पर हमला किसने किया, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झंडू कुमार ने बढ़ाया नालंदा का मान, कॉमनवेल्थ पदक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात

बाल पकड़कर पीटा, फिर टेढ़ी हो गई बच्चे की गर्दन! परिजनों ने भी आरोपी शिक्षक को







