मोतिहारी में स्कूल बस का कहर! मीना बाजार में जीडी गोयनका की बस ने व्यक्ति को रौंदा
मोतिहारी के मीना बाजार में स्कूल बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और भीड़ ने बस को घेरकर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।


नगर थाना क्षेत्र के मीना बाजार के पास मंगलवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब जीडी गोयनका स्कूल की बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने स्कूल बस को रोककर उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी। बस के शीशे समेत कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घायल की पहचान गोपाल साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जीडी गोयनका स्कूल की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान मीना बाजार के पास गोपाल साहा बस की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मचा हड़कंप, निजी अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल गोपाल साहा को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। दुर्घटना को लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश दिखा। देखते ही देखते लोगों ने स्कूल बस को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। बस के शीशे तोड़ दिए गए और कई हिस्सों को नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस पहुंची तो संभली स्थिति
बस में तोड़फोड़ की खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ देर तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ, बस कौन चला रहा था और दुर्घटना के पीछे लापरवाही थी या कोई अन्य कारण, इन तमाम बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस बस चालक और स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ कर सकती है। पुलिस के अनुसार, घायल की स्थिति और घटना को लेकर प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोपाल साहा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









