JPSC-JSSC छात्रों का झारखंड विधानसभा घेराव, कई स्कूल रहेंगे बंद
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई कथित धांधली को लेकर छात्रों का गुस्सा अब सड़कों पर उतरने वाला है

JPSC-JSSC Protest: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई कथित धांधली को लेकर छात्रों का गुस्सा अब सड़कों पर उतरने वाला है। आज यानी सोमवार, 10 अगस्त को छात्रों ने विधानसभा घेराव का बड़ा ऐलान किया है। इस उग्र होते आंदोलन का सीधा असर अब रांची की आम जिंदगी और स्कूली बच्चों पर भी पड़ने लगा है। शहर के हालात और संभावित हंगामे को देखते हुए रांची के कई बड़े प्राइवेट स्कूलों ने सोमवार को स्कूल बंद रखने का बड़ा फैसला लिया है।
स्कूलों ने किया छुट्टी का ऐलान
विधानसभा घेराव को लेकर रांची की सड़कों पर आज भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में स्कूल प्रबंधन किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते। स्कूलों की तरफ से अभिभावकों को मैसेज भेजकर छुट्टी की जानकारी दे दी गई है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्रों के इस बड़े प्रदर्शन के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा सकती है।
सड़कों पर जाम लगने और जगह-जगह रूट डायवर्ट किए जाने की पूरी आशंका है। ऐसे हालात में बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने में स्कूल बसों के साथ-साथ अभिभावकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रास्ते में बच्चे घंटों जाम में न फंसें और उनकी सुरक्षा को कोई खतरा न हो, सिर्फ इसी बात को ध्यान में रखते हुए कई निजी स्कूलों ने एक दिन के लिए अपने दरवाजे बंद रखने में ही भलाई समझी है।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
आपको बता दें कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों को लेकर राज्य भर के छात्र लंबे समय से आंदोलनरत हैं और आज का यह विधानसभा घेराव उनके आंदोलन का एक बड़ा हिस्सा है। छात्रों के इस हुजूम को संभालने के लिए रांची जिला प्रशासन ने भी अपनी कमर कस ली है।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद कर दिया गया है। रांची के कई अहम इलाकों और चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। प्रशासन का पूरा फोकस इस बात पर है कि आंदोलन शांतिपूर्ण रहे और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। जरूरत पड़ने पर शहर के कई मुख्य रास्तों के ट्रैफिक में अचानक बदलाव भी किया जा सकता है, इसलिए अगर आप भी आज घर से निकलने वाले हैं, तो ट्रैफिक अपडेट जरूर ले लें।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'अब से ये बच्चे मेरे भी हैं...' 26 साल के युवा की मौत से टूटे परिवार की ढाल बने मंत्री इरफान अंसारी, बच्चों की पढ़ाई और पत्नी को नौकरी का वादा

सावन के रंग में रंगा गिरिडीह, केसरी समाज की महिलाओं ने सज-धजकर मनाया सावन मिलन समारोह







