जमशेदपुर में 2 किलो गांजे के साथ गुमटी वाला गिरफ्तार
जमशेदपुर के बालीगुमा NH-33 के पास पुलिस ने गुमटी में छापेमारी कर 2 किलो 60 ग्राम गांजा, नशीली सिरप, चिलम और नकदी बरामद की। पुलिस ने आरोपी नितेश कुमार झा को गिरफ्तार किया।

Jamshedpur News: जमशेदपुर में नशे के काले कारोबार पर पुलिस ने एक बार फिर करारी चोट की है। NH-33 स्थित बालीगुमा के पास एक गुमटी में पुलिस ने जब दबिश दी, तो अंदर का नजारा देखकर खुद खाकी भी हैरान रह गई। बाहर से देखने में यह एक आम सी बिस्किट और चॉकलेट की दुकान थी, लेकिन असल में यहां युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने का पूरा इंतजाम था। MGM थाना पुलिस ने इस गुमटी से भारी मात्रा में गांजा और नशीली सिरप बरामद करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा है।
DSP के नेतृत्व में ऐसे बिछाया गया जाल
पुलिस को 8 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा NH-33 के किनारे एक छोटी सी गुमटी की आड़ में नशे का अवैध धंधा बेखौफ चल रहा है। खबर थी कि नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा नाम का शख्स टॉफी और बिस्किट बेचने के बहाने गांजा और नशीली कफ सिरप की तस्करी कर रहा है। इस पक्की सूचना के बाद पटमदा के DSP दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस की टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ मौके पर घेराबंदी की और आरोपी नितेश को रंगे हाथों दबोच लिया।
चिलम, गांजा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू... गुमटी से मिला नशे का पूरा जखीरा
पुलिस ने जब इस तथाकथित बिस्किट की दुकान की सघन तलाशी ली, तो वहां से नशे का पूरा जखीरा बाहर निकला। दुकान के अंदर से कुल 2 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसे ग्राहकों को बेचने के लिए बकायदा 790 ग्राम गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाई गई थीं, जबकि 1 किलो 270 ग्राम गांजा एक हरे रंग की पॉलीथिन में छिपाकर रखा गया था।
इसके अलावा पुलिस टीम ने वहां से ONEREX Codeine Phosphate Syrup की 100 ML वाली सात बोतलें भी जब्त की हैं। इतना ही नहीं, गांजा तौलने के लिए बाकायदा एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम, 3 हजार 320 रुपये नकद और एक स्मार्टफोन भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'अब से ये बच्चे मेरे भी हैं...' 26 साल के युवा की मौत से टूटे परिवार की ढाल बने मंत्री इरफान अंसारी, बच्चों की पढ़ाई और पत्नी को नौकरी का वादा

सावन के रंग में रंगा गिरिडीह, केसरी समाज की महिलाओं ने सज-धजकर मनाया सावन मिलन समारोह







