झारखंड में बेखौफ बदमाश! घर लौट रहे होटल कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कमर में लगी गोली
गम्हरिया स्टेशन के पास घर लौट रहे गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई पर 8-10 अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कमर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज TMH में चल रहा है।


सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में अपराधियों का हौसला एक बार फिर देखने को मिला। मंगलवार रात गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक होटल व्यवसायी पर बेतहाशा फायरिंग कर दी। इस हमले में होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, घायल व्यक्ति की पहचान विशाल गोराई के रूप में हुई है, जो गम्हरिया में गोराई होटल के मालिक हैं। बताया जा रहा है कि वह रात करीब 10 बजे अपना काम खत्म करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे अंडरपास के पास पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
8-10 बदमाशों ने रास्ते में घेरा, कमर में लगी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। फायरिंग के दौरान एक गोली विशाल गोराई की कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद गम्हरिया और उसके आस-पास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय व्यवसायियों ने इलाके में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जताई है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस इस हमले के पीछे की वजह को जानने में लगी हुई है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि क्या यह घटना पुरानी दुश्मनी, रंगदारी, या किसी और कारण से हुई है। पुलिस का कहना है कि वे मामले की हर पहलू की गहराई से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
(जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में झारखंड पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी : 15 लाख के इनामी नक्सली सहित कुल 16 नक्सलियों ने किया आत्मसर्पण

मुख्यमंत्री ने ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने के दिए निर्देश, पलामू में 15 आवेदकों को मिला लाइसेंस







