मोतिहारी में एक्शन मोड में एक्साइज और पुलिस की टीम: 24 घंटे में जहरीली स्प्रिट का दूसरा खेप बरामद
एक्साइज विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. महज 24 घंटे के भीतर टीम ने जहरीली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले स्प्रिट को बरामद किया है.
Bihar (Motihari): मोतिहारी में जहरीली शराब कांड के बाद जिला पुलिस और एक्साइज विभाग की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है. अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में एक्साइज विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. महज 24 घंटे के भीतर टीम ने जहरीली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले स्प्रिट को बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार एक्साइज पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के समीप एक सिंचाई नाले में अवैध रूप से स्प्रिट छुपाकर रखा गया है. सूचना मिलते ही एक्साइज टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर छापेमारी शुरू कर दी. टीम ने जब नाले के ऊपर रखे गए ईख की पराली को हटाया तो उसके नीचे छुपाकर रखा गया एक गैलन बरामद हुआ. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गैलन में जहरीली शराब बनाने में उपयोग होने वाला स्प्रिट रखा गया था.
बताया जा रहा है कि बरामद स्प्रिट शराब तस्कर कन्हैया यादव और राजा यादव का है. इस मामले में पुलिस पहले ही राजा यादव को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि कन्हैया यादव अभी फरार बताया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताया है और कहा है कि जहरीली शराब कांड के बाद अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
गौरतलब है कि हाल ही में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत और कई के बीमार होने की घटना के बाद प्रशासन पर सख्ती दिखाने का दबाव बढ़ गया है. इसी के तहत पुलिस और एक्साइज विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं. लगातार हो रही छापेमारी से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बोकारो में फिल्मी स्टाइल में डकैती, पिस्टल की नोक पर बिजली कर्मियों को बनाया बंधक, 32 लाख का माल साफ

गिरिडीह में इंसानियत शर्मसार!, 6 साल की मासूम से हैवानियत, आरोपी रोजगार सेवक को पुलिस ने दबोचा







