एक साल बाद फिर उसी CSP पर हमला! 2 मिनट में लूट, CCTV में कैद पूरा खेल!
नालंदा के नगरनौसा स्थित SBI CSP में चार हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर 20 हजार रुपये नकद और लैपटॉप लूट लिया। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। यह एक साल में दूसरी बार है जब इसी CSP को निशाना बनाया गया।


नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर से देखने को मिले हैं। नगरनौसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में शनिवार को दिनदहाड़े चार हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। इन बदमाशों ने पिस्टल के बल पर सीएसपी के संचालक को बंधक बना लिया और करीब 20 हजार रुपये नकद के साथ एक लैपटॉप भी लूट लिया। इस पूरी घटना को वहां लगे CCTV कैमरे ने रिकॉर्ड कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ-साफ नजर आता है कि चारों बदमाश गमछा चेहरे पर और टोपी सिर पर बांधकर अचानक सीएसपी के अंदर घुसते हैं। उनमें से एक बदमाश पिस्टल दिखाकर संचालक संदीप पटेल को काबू में कर लेता है, जबकि बाकी बदमाश कैश इकट्ठा करने लगते हैं। इसी बीच, एक आरोपी लैपटॉप उठाकर बाहर निकल जाता है। यह पूरी वारदात महज कुछ ही मिनटों में पूरी कर सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
एक साल पहले भी इसी CSP में हुई थी बड़ी लूट
सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि इसी ग्राहक सेवा केंद्र को लगभग एक साल पहले भी बदमाशों ने निशाना बनाया था। उस समय, हथियारबंद अपराधियों ने यहां से करीब 2.60 लाख रुपये लूट लिए थे। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही नगरनौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'तलाक दो या साथ चलो!' पत्नी के फैसले का इंतजार करते-करते मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक

कोसी का मगरमच्छ पहुंचा धान के खेत तक! ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा







