मजदूरी कर लौट रहे युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा चचेरा भाई
नालंदा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसमें एक युवक की मौत हो गई है जबकि मृतक का चचेरा भाई गंभीर रुप से घायल हो गया है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Nalanda / Bihar (Report By- Virendra Kumar): नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरुखिया मोड़ पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रुप से घायल हो गया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. मृतक की पहचान महम्मदपुर गांव निवासी विनय साव के पुत्र हरेंद्र कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार, हरेंद्र अपने चचेरे भाई विकास कुमार के साथ पचुरुखिया गांव से राजमिस्त्री का काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान पचरुखिया मोड़ के समीप एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भयावह थी कि हरेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. इधर, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
मृतक के परिजन ब्रह्मदेव गोप ने बताया कि रात करीब 1 बजे से वे लोग अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन पोस्टमार्टम कर्मी नहीं आया. आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने डीएम का आदेश लाने जैसी बातें कहकर परिजनों को परेशान किया. परिजनों का कहना है कि गरीबों की सुनने वाला अस्पताल में कोई नहीं है और पूरी व्यवस्था चरमरा गई है.
वहीं, इस मामले की जानकारी देते हुए खुदागंज थाना अध्यक्ष दुर्गेश गहलोत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार बाइक के पिकअप में पीछे से टकराने का प्रतीत होता है. दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने पिकअप वैन और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरु कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा.
मामले में परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बता दें, इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद







