Naxatra News Hindi
Ranchi Desk: रांची वासियों को कल मिलेगा एक नए फ्लाईओवर की बड़ी सौगात. आपको बता दें कि इस फ्लाईओवर का उद्घाटन कल केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी करेंगे, साथ ही उद्घाटन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यह फ्लाईओवर आम लोगों को समर्पित किया जाएगा.
बता दें कि कांटाटोली फ्लाईओवर और सिरमटोली फ्लाईओवर के बाद अब कल यानी गुरुवार (3 जुलाई 2025) को रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है जिसके बाद यह फ्लाईओवर आम लोगों को समर्पित किया जाएगा. इसका उद्घाटन कल केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी करने जा रहे हैं. उद्घाटन की सभी तैयारी पुरी कर ली गई है, जहां रांची के ओटीएस मैदान में मंच को सजा दिया गया है. बता दें, 400 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार हुआ यह फ्लाईओवर 101 पिलर पर टीका हुआ है और साथ ही 4.18 किमी लंबा है, इसके साथ ही 100 से ज्यादा स्ट्रीट लाइट के साथ यह फ्लाईओवर रात के वक्त जगमगाता नजर आएगा. इस फ्लाईओवर के बन जाने से रातू रोड जाने में लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात आसान हो जाएगा. इसके साथ ही इस फ्लाईओवर के जरिये इटकी , पिस्का और नगड़ी में रहने वाले लोग 45 मिनट का सफर 10 मिनट में तय कर पाएंगे.
कल फ्लाईओवर के उद्घाटन की घोषणा करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी सुबह 10 बजे दिल्ली से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे जहां रांची महानगर और भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा जिसके बाद ओटीसी ग्राउंड आने के क्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बिरसा चौक पर धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे और सहजानंद चौक होते हुए ओटीसी ग्राउंड पहुंचेंगे. जहां वह राज्य के पहले एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन के पश्चात नितिन गडकरी इस फ्लाईओवर के रास्ते होटल रेडिसन ब्लू जाएंगे, जहां वह विभागीय बैठक में शामिल होंगे. करीब 3 घंटा रांची में रुकने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शाम 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे.